राष्ट्रीय

मोदी ने प्रगति बैठक में पोषण अभियान, आठ परियोजनाओं की समीक्षा की

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को प्रगति की 39वीं बैठक में रेल , सड़कों और पेट्रोलियम सहित विभिन्न क्षेत्रों की 20 हजार करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं और राष्ट्रीय पोषण अभियान सहित नौ विषयों की समीक्षा की।
सरकारी बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री ने समीक्षा के दौरान परियोजनाओं की लागत में वृद्धि से बचने के लिए उन्हें समय पर पूरा करने पर बल दिया। प्रगति राजकाज में सक्रियता के साथ पहल और परियोजनाओं को समय पर कार्यान्वित करने के लिए स्थापित डिजिटल प्रौद्योगिकी पर आधारित मल्टी-मॉडल मंच है। इसमें केंद्र और राज्य सरकारें शामिल हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि प्रगति की 39वीं बैठक के एजेंडा पर आठ परियोजनाओं और एक योजना सहित नौ एजेंडा विषय थे। इन आठ परियोजनाओं में, तीन परियोजनाएं रेल मंत्रालय की थीं, दो परियोजनाएं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और बिजली मंत्रालय की थीं और एक परियोजना पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की थी। इन आठ परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 20,000 करोड़ रुपये हैं। ये योजनाओं सात राज्यों- बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल से संबंधित हैं।

मोदी ने प्रगति की चर्चा में पोषण अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान को सरकार के पूर्ण दृष्टिकोण के साथ प्रत्येक राज्य में मिशन मोड में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने जमीनी स्तर पर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और अन्य स्थानीय संगठनों की भागीदारी के बारे में भी बात की, जो अभियान के विस्तार और उसे आगे ले जाने में मदद करेगा। प्रगति बैठकों के 38 संस्करणों तक, 14.64 लाख करोड़ रुपये की कुल लागत वाली 303 परियोजनाओं की समीक्षा की जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button