उत्तर प्रदेश

सुलतानपुर में कांग्रेस नेत्री को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर घायल किया

सुलतानपुर। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में काला झंडा दिखाने का प्रयास करने वाली कांग्रेस नेत्री रीता यादव को सोमवार को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार यादव के पैर में गोली लगी है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम की है।

उन्होंने बताया कि जिले के लंभुआ कस्बे में लखनऊ वाराणसी बाईपास ओवर ब्रिज पर अज्ञात बाइक सवार व्यक्तियों ने रीता यादव (35) पत्नी संतोष यादव पर जानलेवा हमला किया। गोली उनके बांये पैर में लगी। घायल रीता यादव को प्राथमिक उपचार हेतु लंभुआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। मिश्र ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में ज्ञात हुआ कि रीता यादव अपनी बुलेरो कार से घर जा रही थी।

बुलेरो वाहन चालक मुस्तकीम ने पुलिस को बताया गया कि अज्ञात बाइक सवारों ने बुलेरो वाहन को रुकवा कर गोली मारी। इस सूचना के बाद मौके पर फील्ड यूनिट, क्षेत्राधिकारी ने रीता यादव की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में रीता यादव ने सपा छोड़ कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।

Related Articles

Back to top button