उत्तर प्रदेश

देवरिया में आग और डबल मर्डर से मचा कोहराम, बाप-बेटी समेत तीन जिंदा जले

देवरिया। जिले में मंगलवार की आधी रात दो दर्दनाक घटनाओं ने सनसनी फैला दी। भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में झोपड़ी में आग लगने से पिता, उसकी तीन साल की बेटी और भाई की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं, मईल थाना क्षेत्र में दशहरा मेला देखकर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

झोपड़ी में सो रहे थे चार लोग: नोनापार गांव में लालचंद के 32 वर्षीय बेटे जितेंद्र प्रसाद की झोपड़ी में रात के समय अचानक आग लग गई। उस वक्त जितेंद्र, उसका भाई बालकिशन, तीन वर्षीय बेटी शनि और पत्नी लीला सो रहे थे। आग की लपटों में चारों घिर गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग पर काबू पाने के बाद सभी को सीएचसी भटनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र, शनि और बालकिशन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी लीला को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे चचेरे भाई: दूसरी घटना मईल थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास हुई। करजहां निवासी वकील यादव और ईटहुरा हजाम टोला निवासी विनय यादव बाइक से दशहरा मेला देखने गए थे। देर रात लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने दोनों को रोककर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक सड़क किनारे मिली।

यह भी पढ़ें: डॉ. आंबेडकर की समानता, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा की क्रांतिकारी दृष्टि”

इ-पेपर: Divya Sandesh

 

Related Articles

Back to top button